निर्दलीयों को चुनाव चिन्ह आवंटित
Deoli News 4 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली चुनाव को लेकर शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय देवली की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। जबकि राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस और बीजेपी को चुनाव चिन्ह आवंटन की जरूरत नहीं है।

चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ ही अब निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं के बीच पहुंचेंगे। अलग-अलग वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह भी खासे रोचक हैं। इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों को गुब्बारा, गैस का चूल्हा, कैंची, सेब, अलमारी, बाल्टी, चप्पलें, फूलगोभी, नौका, आदमी, पाल युक्त नौका, बोतल, बांसुरी, हारमोनियम, टेलीफोन, चारपाई सहित विभिन्न चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। जिससे अब चुनाव प्रचार में इन प्रतीकों से कैंडिडेट की पहचान रहेगी। रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी चुनाव चिन्ह आवंटन सूची के अनुसार वार्डवार निर्दलीय प्रत्याशियों को अलग-अलग प्रतीक दिए गए हैं।

चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब वार्डों में प्रचार का रंग और अधिक दिखाई देने लगेगा। चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी अपने सिंबल और क्रम को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कर रहे हैं।


