Deoli News 2 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजवाड में बुधवार को मध्यान्ह भोजन बनाने वाले कुक कम हेल्पर को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। पोषाहार प्रभारी सुगन चंद कुमावत ने बताया कि प्रशिक्षण में पीईईओ क्षेत्र के मानपुरा, संग्रामपुरा और अरनिया विद्यालय की कुक कम हेल्पर ने भाग लिया।
प्रशिक्षण में व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ कपड़े पहनने, नाखूनों की सफाई, हाथ धोना और धूम्रपान, गुटखा, जर्दा और थूकने के बारे में जानकारी दी गई। पोषाहार सामग्री को सुरक्षित रखने और किसी प्रकार के कीटनाशक या जहरीले पाउडर का उपयोग नहीं करने के बारे में भी बताया गया।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई
राजकीय कन्या महाविद्यालय दूनी में बीए प्रथम वर्ष (सेमेस्टर प्रथम) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई है। छात्राओं के लिए महाविद्यालय में प्रवेश का यह अंतिम अवसर है। प्रवेश नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य गजेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि अंतरिम वरीयता सूची का प्रकाशन 7 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक मूल दस्तावेजों का सत्यापन महाविद्यालय में किया जाएगा।
प्रवेशित छात्राओं का शिक्षण 16 जुलाई से शुरू होगा। साथ ही स्नातक द्वितीय वर्ष (सेमेस्टर तृतीय) एवं तृतीय वर्ष (सेमेस्टर 5) के लिए प्रवेश नवीनीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


