-
राजकार्य बाधा में मामला दर्ज
-
महिला के भरण पोषण की राशि को लेकर आया था देवली
Deoli News 26 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बूंदी कोतवाली में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत एक पुलिस अधिकारी के साथ गुरुवार को देवली में चार जनों ने मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर इन लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।
वही पीड़ित एएसआई की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ राजकार्य बाधा में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार यह एएसआई ओमप्रकाश कहार है, जो बूंदी स्थित कोतवाली थाने में कार्यरत है। दरअसल देवली के तेली मोहल्ला निवासी श्याम तेली का यह प्रकरण है। मामले में श्याम तेली की पत्नी का पारिवारिक न्यायालय में भरण पोषण का परिवाद है। इसके तहत श्याम तेली को अपनी पत्नी की भरण पोषण के लिए राशि देनी थी। यह राशि नियमित नहीं दिए जाने से करीब एक लाख 45 हजार रुपए हो गई। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश गुरुवार को देवली आए, जो श्याम तेली की छतरी चौराहे स्थित दुकान पर गए बताया गया कि यहां सहायक उप निरीक्षक ने भरण पोषण की राशि देने की बात कही।
जिसके लिए न्यायालय ने उन्हें आदेश दिया है। इस पर अभियुक्त श्याम तेली ने उक्त परिवार के विरुद्ध अपील किए जाने की बात बताई। लेकिन सहायक उप निरीक्षक ने श्याम तेली से उक्त अपील की कॉपी दिए जाने की बात कही, ताकि यह कॉपी न्यायालय में पेश की जा सके। लेकिन श्याम तेली यह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वही यहां से भागने लगा। जिसे एएसआई ओम प्रकाश ने करीब आधा किलोमीटर पीछा कर पकड़ लिया। जिसे लेकर एएसआई वापस देवली थाने आ रहे थे। बताया गया कि इस बीच शाम तेली की दुकान स्थित है। जहां श्याम पुत्र शंकर तेली, देवराज पुत्र रामावतार, रामअवतार पुत्र शंकर लाल व शंकर लाल पुत्र बजरंग लाल ने मिलकर एएसआई के साथ मारपीट कर दी।
इस मारपीट में एएसआई के चेहरे पर चोट आई है। सूचना पर देवली थाना पुलिस हरकत में आई और चारों जनों को थाने ले आई। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल चारों जनों शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। वही पीड़ित एएसआई की रिपोर्ट पर चारों जनों की विरुद्ध राजकार्य बाधा का मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घायल एएसआई का मेडिकल कराया गया है।


