Deoli News 26 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली गांव को जोड़ने वाली नेकचाल तालाब पाळ की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणो का गुरुवार को चौथे दिन भी एसडीओ कार्यालय के बाहर अनशन जारी रहा। हालांकि इस दौरान धरना स्थल पर स्टे आर्डर लेने वाले परिवादी को बुलाया गया।
लेकिन यहां बातचीत पर सहमति नहीं बनी।दरअसल कई वर्षों से नेकचाल पाळ मार्ग क्षतिग्रस्त है। जिससे पानी रिसाव से कीचड़ हो रहा है। रास्ते पर पानी रुकने से रास्ता कीचड़ युक्त व गड्ढे में तब्दील होकर जानलेवा हो चुका है। ग्रामीण क्षतिग्रस्त पाळ पर मिटटी डलवा कर सही करवाने की मांग कर रहे है। ग्रामीणो ने बताया देवली गांव पटवार हल्का के खसरा नम्बर 4106 नेकचाल तालाब की 200 मीटर लंबी पाळ क्षतिग्रस्त है। इसे लेकर ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया है। गुरुवार को पूर्व विधायक राजेंद्र गुर्जर धरना स्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार इस दौरान स्टे आर्डर लेने वाले खातेदार को यहां बुलाया गया। जहां परिवादी के पुत्रों ने कहा कि उन्हें ग्रामीणों से कोई दिक्कत नहीं है। उनकी मांग है कि उनके नक्शे में इंद्राज 29 बीघा जमीन पूरी नाप कर दी जाए। काफी समझाईश बाद भी वार्ता बेनतीजा रही। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गुरुवार दोपहर देवली गांव सरपंच शीला कवर आगामी 3 दिन में मिट्टी व ग्रेवल नहीं डालने पर इस्तीफा देने की चेतावनी दे चुकी है।



