Deoli News 28 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका में वार्षिक लाइट मरम्मत कार्य को लेकर उठे अपने ही पार्टी के पालिका उपाध्यक्ष नेमीचंद जैन के सवालों के बीच बुधवार शाम पालिका अध्यक्ष कजोड़़ी ने भी अपना पक्ष रखते हुए मामले की जांच कराने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को जांच करनी चाहिए, वे इसमें पूरा सहयोग करेंगी।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संबंधित कार्य का टेंडर उनके निर्वाचन से पहले हुआ था और न ही उनके कार्यकाल में इस संबंध में कार्यादेश जारी करवाया गया। उन्होंने बताया कि शिकायतें मिलने के बाद उन्होंने प्रकरण का अवलोकन किया। राज्य सरकार के निर्देश पर नगरीय निकायों में स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्य मय सामग्री वार्षिक अनुबंध पर करवाने की प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसके तहत नगर निगम अजमेर के कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता एवं अधिशाषी अभियंता से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की गई। अध्यक्ष के बयान अनुसार निविदा प्रक्रिया के बाद गत 11 अगस्त को संवेदक को कार्यादेश जारी किया गया।
बयान में 19,12,685 रुपए की सामग्री सहित तथा 28,27,440 रुपए की मरम्मत कार्य संबंधी दर का उल्लेख किया गया है। उन्होंने बताया कि अनुबंध के तहत प्रति पॉइंट 45 रुपए की दर में क्रेन किराया, लाइट उतारने-चढ़ाने, मरम्मत, पेंटर एवं ड्राइवर सहित अन्य आवश्यक खर्च शामिल हैं। अध्यक्ष ने यह भी बताया कि मरम्मत कार्य की दरों में शामिल सामग्री का हिंदी अनुवाद संलग्न किया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित दस्तावेजों के आधार पर प्रकरण की जांच करवाई जा सकती है और वे जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार हैं।
‘मेरे साथ अन्याय किया जा रहा है’
बयान में अध्यक्ष ने कहा कि वे एक दलित महिला हैं। उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे किसी के बहकावे में आने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाएं।


