Monday, October 26, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAccident Newsपैर में मामूली सी मोच व चोट, बुला ली आधा दर्जन एंबुलेंस!

पैर में मामूली सी मोच व चोट, बुला ली आधा दर्जन एंबुलेंस!

  • झगड़े में 10-15 लोगों के घायल होने की दी झूठी सूचना

  • लुहारी खुर्द में अफरा-तफरी: एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं तो मौके पर नहीं मिला कोई घायल


Deoli News 26 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के लुहारी खुर्द गांव में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की सूचना पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पंडेर, जहाजपुर, सावर, नासिरदा और देवली सहित अलग-अलग स्थानों से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। सूचना में झगड़े के दौरान महिला-बच्चों सहित 10-15 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई थी।

मौके पर एंबुलेंस के काफिले के साथ पुलिस की 112 गाड़ी भी पहुंची, लेकिन वहां न तो कोई झगड़ा मिला और न ही कोई घायल व्यक्ति। एंबुलेंस कर्मचारी की जानकारी के अनुसार लुहारी खुर्द निवासी सोजीराम मीणा ने सोमवार सुबह अलग-अलग स्थानों से फोन कर 108 एंबुलेंस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि गांव में झगड़ा हो गया है और उनके परिवार के कई लोग, बच्चे, महिला घायल अवस्था में पड़ी हैं। सोजीराम ने यह भी बताया कि एक एंबुलेंस से काम नहीं चलेगा। यहां तक की एक दो लोगों की मौत की भी सूचना दी गई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग स्थानों से करीब आधा दर्जन एंबुलेंस रवाना कर दी गईं। साथ ही हनुमान नगर थाना पुलिस की 112 गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।

एंबुलेंस का काफिला देखकर ग्रामीण भी रह गए हैरान

एक साथ कई सायरन बजती एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ी गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों में हलचल मच गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जब ग्रामीणों ने सोजीराम के घर का गेट खुलवाकर स्थिति देखी तो मामला सूचना के विपरीत निकला। मौके पर कोई घायल नहीं मिला और न ही झगड़े जैसी कोई स्थिति सामने आई। देवली एंबुलेंस के ईएमटी विजय कुमार मीणा और पायलट जब्बार भी मौके पर पहुंचे। उनके अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि सोजीराम के पैर में पिछली रात मोच या हल्की फुल्की चोट आई थी। बताया गया कि उसकी चिंतन करने की स्थिति ठीक नहीं थी। वह नशे में भी था। हालांकि इन बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।

तीन घंटे तक प्रभावित रही एंबुलेंस सेवाएं

इस घटनाक्रम में अलग-अलग स्थानों से पहुंचीं एंबुलेंस का करीब तीन घंटे का समय प्रभावित हुआ। मौके पर स्थिति स्पष्ट होने के बाद एंबुलेंस कर्मचारियों ने कंट्रोल रूम को वास्तविक हालात से अवगत कराया और वापस लौट गए। बताया गया कि इस दौरान संबंधित व्यक्ति ने अन्य स्थानों की एंबुलेंस बुलाने का भी प्रयास किया, लेकिन कर्मचारियों की ओर से वास्तविक स्थिति की जानकारी दिए जाने के बाद मामला स्पष्ट हो गया।

एक छोटी-सी परेशानी के बीच इतने बड़े स्तर पर एंबुलेंस और पुलिस संसाधनों के जुटने से गांव में काफी देर तक भीड़ लगी रही। इस घटना ने आपातकालीन सेवाओं के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए। लेकिन वहां के लोगों के कहने पर उसे बाद में देवली अस्पताल भर्ती उपचार के लिए लाया गया। वहीं उक्त घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here