Thursday, October 22, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsव्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप

व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप

नासिरदा थाना क्षेत्र के भगवानपुरा गांव का मामला


Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुलिस सर्कल देवली के नासिरदा थाना क्षेत्र के भगवानपुरा गांव में गुरुवार दोपहर खेत में जुताई को लेकर हुए विवाद के बाद एक 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है।

मृतक के परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों की ओर से रिपोर्ट दिए जाने के बाद पूरे तथ्य का खुलासा होगा। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नासिरदा थाना प्रभारी रोडूमल के अनुसार मृतक की पहचान रामेश्वर धाकड़ (58) पुत्र कल्याण धाकड़ निवासी भगवानपुरा थाना नासिरदा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को रामेश्वर धाकड़ के पुत्र मनोज कुमार अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान जुताई को लेकर विवाद हो गया। अस्पताल में आए परिजनों के आरोप के अनुसार, समीप के खातेदार हंसराज धाकड़ और उनकी पत्नी संजू धाकड़ ने मनोज धाकड़ के साथ मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान रामेश्वर धाकड़ के साथ भी मारपीट की गई। बाद में रामेश्वर की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने पर परिजन व ग्रामीण उन्हें देवली चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉ. कपिल गौतम का कहना है कि रामेश्वर मृत ही लाए गए थे। उन्होंने ईसीजी किए जाने के बाद इस मौत की पुष्टि की। घटना की सूचना मिलने पर नासिरदा थाना प्रभारी रोडूमल और पुलिसकर्मी जगदीश जाट देवली चिकित्सालय पहुंचे तथा परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली।

थाना प्रभारी के अनुसार घटनास्थल की जांच के लिए मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही एफएसएल टीम से भी घटनास्थल का निरीक्षण करवाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल, रामेश्वर धाकड़ की मौत के कारणों और मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here