Deoli News 27 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना क्षेत्र में एक दिवसीय विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर और एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस टीम द्वारा जयपुर-देवली रोड पर इमैनुएल स्कूल के पास कार्रवाई करते हुए अंबापुरा कॉलोनी दौलता मोड़ निवासी 25 वर्षीय हरिओम मेघवंशी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.49 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस संबंध में थाने पर एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश देकर थाना घाड़ के एनडीपीएस एक्ट मामले में वांछित चल रहे आरोपी दुर्गालाल गुर्जर निवासी महुआ, थाना मेहंदवास को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।
अभियान के तहत अन्य थाना क्षेत्रों में भी मादक पदार्थों और वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई। दूनी थाना पुलिस व डीएसटी की संयुक्त टीम ने कस्बा दूनी स्थित माहेश्वरी मेडिकल स्टोर पर दबिश देकर बिना खरीद बिल के बेची जा रही नशे की दवाइयों के मामले में संचालक अरविंद कुमार झंवर को गिरफ्तार किया। मौके से 4 ट्रामाडोल इंजेक्शन, 71 अल्फाजोल टेबलेट व 66,150 रुपए की नकदी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
उधर, घाड़ थाना पुलिस व डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई कर धुवांकलां स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर परिसर से अवैध रूप से उगाए गए गांजे के हरे-गीले पौधे, जिनका कुल वजन 35 किलो 800 ग्राम था, जब्त करते हुए आरोपी भीमशंकर योगी को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त घाड़ पुलिस टीम ने नगरफोर्ट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित चल रहे आरोपी राजूदास निवासी रंगबाड़ी (कोटा) को भी डिटेन कर गिरफ्तार किया है।
वहीं नासिरदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस व आबकारी एक्ट के मामले में डेढ़ माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी संजय सिंह सांसी को जयपुर से डिटेन कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।


