Saturday, October 31, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsमोबाइल अपडेट होते ही खाते से 84 हजार रुपए पार, युवक की...

मोबाइल अपडेट होते ही खाते से 84 हजार रुपए पार, युवक की कई महीनों की तनख्वाह उड़ी


Deoli News 31 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कुचलवाड़ा रोड निवासी एक युवक के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मोबाइल ऑटोमेटिक अपडेट होने और रीस्टार्ट होने के कुछ ही देर बाद उसके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 84 हजार रुपये डेबिट हो गए। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।

मोबाइल हैंग हुआ, 1930 पर भी नहीं लग पाया कॉल

पीड़ित गोविंद मेघवंशी निवासी कुचलवाड़ा रोड देवली जियो फाइबर में वाई-फाई से संबंधित कार्य करता है। गोविंद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 7 बजे उसका मोबाइल अचानक ऑटोमेटिक अपडेट हुआ। मोबाइल रीस्टार्ट होते ही उसके बैंक खाते से 84 हजार रुपए निकल गए। खाते से इतनी बड़ी राशि कटने का मैसेज देखते ही उसके होश उड़ गए। पीड़ित के अनुसार उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बार-बार हैंग होने लगा और कॉल नहीं लग पाई। जबकि इससे पहले गोविंद का फोन कभी हैंग ही नहीं हुआ। इसके बाद उसने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाई और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही हनुमान नगर थाने को भी घटना की जानकारी दी।

मोबाइल में अपने आप डाउनलोड हुआ अनजान ऐप

गोविंद ने बताया कि मोबाइल अपडेट होने के बाद से ही उसका फोन लगातार हैंग हो रहा था। इसी दौरान मोबाइल में ऑटोमेटिक तरीके से एसीसी जीसीसी नाम का ऐप भी डाउनलोड हो गया, जिन्हें उसने पहले कभी नहीं देखा था। पीड़ित को आशंका है कि मोबाइल में हुई संदिग्ध गतिविधियों के जरिए ही उसके बैंक खाते से रकम निकाली गई।

कई महीनों की कमाई गई, खाते में बचे महज 800 रुपए

बताया गया कि गोविंद के खाते में कई महीनों की मेहनत की कमाई और जमा पूंजी रखी हुई थी। एक ही बार में 84 हजार रुपए निकलने के बाद खाते में महज 800 रुपए शेष रह गए। घटना के बाद से गोविंद और उसके पिता लक्ष्मण काफी परेशान हैं। पीड़ित के मुताबिक जिस खाते में ठगी की राशि ट्रांसफर हुई है, उसके खाताधारक का नाम महेंद्र गौड़ सामने आया है। गोविंद ने बैंक पहुंचकर भी घटना की जानकारी दी है। फिलहाल पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here