न्यायालय के आदेश से प्राथमिकी दर्ज, महिला सहित कई लोगों पर लगाए आरोप
Deoli News 29 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली न्यायालय के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने हैवी वाटर प्रोजेक्ट, रावतभाटा से सेवानिवृत्त वैज्ञानिक की संपत्ति हड़पने, शादी का षड्यंत्र रचने और बंधक बनाकर जबरन हस्ताक्षर करवाने के आरोप में एक महिला सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विवेकानंद कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय परिवादी अनिल कुमार जैन की ओर से पेश इस्तगासे के अनुसार, पत्नी और माता के निधन के बाद आरोपियों ने कथित रूप से योजनाबद्ध तरीके से जनवरी 2023 में अंजू अग्रवाल से उनका विवाह कराया। परिवाद में अंजू अग्रवाल, खुशी, सुधीर अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, दिव्या अग्रवाल और भावना गुप्ता सहित अन्य लोगों को आरोपी बताया गया है। परिवादी का आरोप है कि विवाह के बाद दबाव बनाकर कोटा स्थित मकान अपने नाम करवा लिया गया। सेवानिवृत्ति के बाद देवली लौटने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा अलमारी में रखे पत्नी और माता के करीब 1189.61 ग्राम सोने के जेवरात और तीन लाख रुपये नकद हड़प लिए गए। आरोप है कि अगस्त 2026 में उन्हें घर में कैद कर जान से मारने की धमकी दी गई और खाली चेकों व सादे स्टाम्प पत्रों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। रिपोर्ट के अनुसार, न्यायालय ने आदेश दिया। इसके बाद देवली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई को सौंपी है।



