Deoli News 11 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री सांवरिया सेठ मंदिर के आगामी शिलान्यास को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पवित्र शिलाओं का भ्रमण बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। सोमवार को यात्रा कालानाड़ा, दौलता मोड़, गांवड़ी और कासीर समेत विभिन्न गांवों में पहुंची।
जहां ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा और विधि-विधान से पूजन कर पवित्र शिलाओं के दर्शन किए। इस दौरान लोक कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और सुदामा के प्रसंगों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दी, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। विशेष रूप से ‘अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो’ भजन पर कलाकारों के नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कासीर में मंदिर समिति के अध्यक्ष रामसिंह शक्तावत, उपाध्यक्ष संपत सुवालका, सचिव केपी सिंह नरूका और अशोक दुबे आदि ने ग्रामीणों को 14 मई को होने वाले भव्य शिलान्यास कार्यक्रम का निमंत्रण दिया, जहां समिति सदस्यों का अभिनंदन किया गया।
सोमवार शाम यह भ्रमण यात्रा कुचलवाड़ा माताजी पहुंचेगी, गांवों में महिलाओं ने सांवरिया सेठ के भजनों पर जमकर नृत्य किया। मंदिर समिति के अनुसार मंगलवार को यह नगर भ्रमण देवली शहर में अत्यंत भव्य रूप से आयोजित होगा। यात्रा अपरान्ह 3 से 3:30 बजे के बीच कुचलवाड़ा रोड स्थित सांवरिया सेठ मंदिर से रवाना होगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एकरूपता बनाए रखने के लिए पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता-पजामा और महिलाओं के लिए लाल रंग की चुनर का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए समिति ने बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इलेक्ट्रिक टेंपो की विशेष व्यवस्था भी की है, ताकि सभी इस भव्य पल के साक्षी बन सकें।
संबंधित न्यूज़ : देवली में सांवरिया सेठ मंदिर की पवित्र शिलाओं का शाही स्वागत, जयकारों से गूंजा शहर


