Deoli News 11 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में पिछले चार-पांच दिनों से भीषण गर्मी का दौर एक बार फिर लौट आया है, जिसने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। बिना एसी व कूलर के चैन नहीं मिल रहा। जबकि पंखे से केवल पसीना सुख रहा है।
सूरज की तीखी किरणों के चलते लोगों के पसीने छूट रहे हैं और दोपहर होते-होते बाजारों की रौनक गायब होने लगी है। आलम यह है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लोग घरों से निकलने में परहेज कर रहे हैं और केवल जरूरी कामों के लिए ही बाहर कदम रख रहे हैं। मौसम विभाग की ताजा सूचना के अनुसार सोमवार को देवली का न्यूनतम तापमान 28 और अधिकतम तापमान 41°C रहने का अनुमान है। हालांकि, राहत की उम्मीद अभी दूर है। इसी तरह मंगलवार यानी 12 से 14 मई तक 3 दिन तापमान में और बढ़ोतरी होगी और पारा 42°C तक पहुंचने की आशंका है। बीच में 15 मई को एक डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन 16 और 17 मई को एक बार फिर तापमान 42°C की छलांग लगाएगा।
गर्मी के इस प्रचंड प्रहार से बचने के लिए आमजन हर संभव प्रयास कर रहे हैं। महिलाएं और राहगीर धूप से बचने के लिए चेहरे पर सफेद दुपट्टा बांधकर निकल रहे हैं, तो कहीं लोग छातों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। इस चिलचिलाती धूप का असर केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि मवेशियों पर भी साफ देखा जा सकता है, जो दिनभर ठंडी और छायादार जगहों की तलाश में भटकते नजर आते हैं। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने शहर की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है।
लिहाजा दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। मवेशियों के लिए भी छाया और पानी का उचित प्रबंध करना जरूरी है। भीषण गर्मी का सर्वाधिक असर स्कूली बच्चों पर देखा जा रहा है, जो दोपहर 12 बजे की तपती धूप में वापस घर पहुंच रहे है।
Must Read : नगर पालिका ने दिखाई तत्परता, सड़कों से हटा कचरा



