Deoli News 9 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जलदाय विभाग की जलापूर्ति इन दिनों बंगाली कॉलोनी क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। यह जलापूर्ति दूषित होने की वजह से लोग परेशान है। जिसका उपयोग लोग नहीं कर पा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि चौथे दिन लगातार गुरुवार को बंगाली कॉलोनी अंबेडकर, सर्कल सहित आसपास के क्षेत्र में दूषित, गंदे व झागदार पानी की जलापूर्ति हुई। नल से आया पानी जब बर्तन में एकत्र किया गया तो इसमें डिटर्जेंट पाउडर की तरह झाग होने लगे। वही पानी से बदबू आ रही थी। इस पानी का सेवन लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। वही मौजूदा माह में भीषण गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। शहर का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच रहा है। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच लोग पीने के पानी के लिए भटक रहे हैं। लोगों को कहना है कि नलों से होने वाली जलापूर्ति इतनी गंदी है कि इस पीने के लिए तो दूर की बात अन्य कामों में भी उपयोग में नहीं लिया जा सकता और यदि यह पानी सेवन कर लिया जाए तो निश्चित तौर पर व्यक्ति बीमार हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को भी लोगों ने जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचकर गंदे व दूषित पानी की समस्या बताई थी। लेकिन फिलहाल अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ।


