Deoli News 14 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जहाजपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत गाडोली की चरागाह भूमि और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर सरपंच अशोक कुमार मीणा ने बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष भाजपा एसटी मोर्चा एवं विधायक गोपीचंद मीणा को ज्ञापन सौंपा है।
जहाजपुर हुई जनसुनवाई में ज्ञापन के माध्यम से बताया कि ग्राम गाडोली, खाना का खोहला और गोरमगढ़ में स्थित चरागाह भूमि और विद्यालय के खेल मैदान पर कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा किया हुआ है। इस अतिक्रमण से पशुपालकों और गरीब किसान परिवारों को अपने मवेशियों को चराने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त चरागाह भूमि के विकास कार्यों के लिए सरकार द्वारा लगभग 24 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है।
लेकिन अतिक्रमण न हटने के कारण विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। सरपंच और ग्रामवासियों ने विधायक से चरागाह और खेल मैदान से जल्द से जल्द अवैध अतिक्रमण हटवाने की मांग की।


