Deoli News 3 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अंबेडकर विचार मंच की सरवन लाल मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को पेट्रोल पंप चौराहा स्थित डाक बंगला देवली में बैठक हुई। बैठक में अंबेडकर जयंती की तैयारी को लेकर रूपरेखा बनाई गई।
बैठक में 2 अप्रैल 2018 को हुए देशव्यापी आंदोलन भारत बंद में जान गवाने वाले समाज के युवाओं को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके योगदान को याद किया गया। वहीं आगामी अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई। अध्यक्ष राजबहादुर ने बताया की जयंती कार्यक्रम में सुबह 9 बजे से समाज के सभी महिला पुरुष पेट्रोल पंप चौराहे के पास डाक बंगला देवली में एकत्रित होंगे। बाद में जुलूस के रूप में शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए पुरानी धान मंडी स्थित अंबेडकर सर्कल पर पहुंचेंगे, जहां आमसभा होगी। कार्यक्रम में आचार संहिता की पालना की जाएगी। इस दौरान राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच के अजमेर संभाग प्रभारी नियुक्त हुए श्रवण लाल मीणा (देवपुरा) का अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।



