Jahazpur News 7 मई (आजाद नेब) जहाजपुर में बुधवार रात्रि को एक विशेष पूर्व नियोजित सुरक्षा अभ्यास ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’ के तहत नगर पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहा।
उपखंड प्रशासन द्वारा आयोजित इस ड्रिल का उद्देश्य नागरिकों को आपातकालीन स्थितियों के प्रति सजग करना और सुरक्षा प्रणाली की तैयारियों का मूल्यांकन करना था। रात 8:15 से 8:30 बजे तक चले इस ब्लैकआउट में शहर के सभी घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रहीं। नागरिकों ने खिड़कियों और बालकनी पर गहरे रंग के पर्दे लगाए और किसी प्रकार की रोशनी का प्रयोग नहीं किया। उपखंड अधिकारी राजकेश मीणा ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान वाहनों के संचालन पर भी पूरी तरह से रोक लगाई गई थी।
सायरन बजाने की व्यवस्था चार प्रमुख स्थान बस स्टैंड, चावंडिया चौराहा, नौचौक और आशापुरी माता मंदिर के पास की गई थी, जिनकी आवाज से पूरे शहर में सतर्कता का वातावरण बना। जहाजपुर में यह अभ्यास पूरी तरह से सफल रहा और इससे सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।


