Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जनसेवा समिति देवली एवं सहाय हॉस्पिटल मोती डूंगरी आई रिसर्च सेंटर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के आर्थिक सहयोग से पेंशनर भवन में निःशुल्क नेत्र जांच एवं लेंस प्रत्यारोपण चयन शिविर लगा।
समिति अध्यक्ष कानसिंह राणावत ने बताया कि नेत्र विशेषज्ञ डॉ. जाह्नवी गौतम ने शिविर में 45 रोगियों की आंखों की जांच कर परामर्श एवं दवाइयां वितरित कीं। जांच के बाद 13 रोगियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सहाय हॉस्पिटल, मोती डूंगरी, जयपुर में किया जाएगा। शिविर में तकनीकी स्टाफ के साथ रमाकांत सुमन, जितेन्द्र सिंह एवं गोपाल ने सहयोग किया। चयनित रोगियों को जयपुर ले जाने तथा वापस लाने की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी। शिविर संयोजक कन्हैयालाल लुनिवाल ने बताया कि ऑपरेशन के एक माह बाद फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें रोगियों की आंखों की पुनः जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां दी जाएगी।



