“मंडराता बड़ा खतरा”
Jahazpur News 10 मई (मोहम्मद आजाद नेब) जहाजपुर में अंबेडकर सर्कल से नगर पालिका के बीच लगने वाला दैनिक जाम अब आपातकालीन सेवाओं के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। रविवार सुबह एक अग्निशमन वाहन इस अव्यवस्था के कारण करीब 20 मिनट तक फंसा रहा। जिससे दमकल को इमरजेंसी पर जाने के लिए थमना पड़ा।
दरअसल शाहपुरा रोड पर सुबह के समय सब्जी विक्रेताओं द्वारा सड़क पर ही थैलियां लगाने और ग्राहकों के बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से रास्ता इतना संकरा हो जाता है कि पैदल निकलना भी दूभर है। जबकि प्रशासन द्वारा सब्जी मंडी के लिए अलग स्थान तय किए जाने के बावजूद अधिकांश व्यापारी मुख्य सड़क पर ही यह कारोबार कर रहे हैं, जिससे एम्बुलेंस और दमकल जैसे वाहन समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ, तो कोई भी गंभीर आगजनी या मेडिकल इमरजेंसी जानलेवा साबित हो सकती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यापारियों को निर्धारित मंडी स्थल पर कड़ाई से स्थानांतरित किया जाए और सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात सुचारू किया जाए।


