Deoli News 9 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) खण्ड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष लोधी के निर्देशानुसार आवाँ और देवडावास क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में 587 छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को क्षय रोग के प्रति जागरूक किया गया।
ब्लॉक सुपरवाइजर खेमराज चौधरी व स्वास्थ्य टीमों ने विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, बचाव और सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार व जांच सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है जिसे नियमित उपचार और संतुलित आहार के माध्यम से पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने लगातार खांसी, बुखार और वजन कम होने जैसे लक्षणों पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी। सत्र में विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया गया और समाज में टीबी के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर कर रोगियों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने पर जोर दिया गया। जागरूकता अभियान में स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक भोजन के महत्व को समझाया गया।



