ईंट भट्ठे पर कार्यरत युवक ने किया अपने पिता होने का दावा
Deoli News 15 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम रावता माता में पिछले दिनों मिले एक मानव कंकाल की पहचान करने में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। दरअसल यह पहचान मृतक के जूते व कपड़ों से परिजनों ने की है।
थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार गत 13 जून को रावता माताजी के ग्रामीण ने सूचना दी, कि रावता माताजी के जंगलो मे एक नर कंकाल पड़ा है। इसकी सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम रावता माताजी के जंगलो में नर कंकाल के अवशेष एकत्रित किए। उक्त कंकाल के पास कपड़े व एक चप्पल, जूते मिले थे। कंकाल को लेकर पुलिस ने सीएचसी देवली में रखवाया गया था। इधर, शनिवार को रामकुंवार पुत्र झाझनलाल कश्यप (केवट) निवासी ग्राम उझैनिया रम्पुरा पोस्ट अंटगा चंदपुर तहसील लालौरी खेडा जिला पीलीभीत राज्य उत्तर प्रदेश व हाल बालाजी ईट भट्टा ग्राम सतवाडा देवली थाने पहुंचा।
रामकुंवार को उक्त नर कंकाल के पास मिले कपड़े व चप्पल, जूते दिखाए गए। रामकुंवार ने यह कंकाल अपने पिता झाझनलाल (55) पुत्र फतेह चन्द कश्यप (केवट) निवासी ग्राम उझैनिया रम्पुरा पोस्ट अंटगा चंदपुर तहसील लालौरी खेडा जिला पीलीभीत राज्य उत्तर प्रदेश व हाल बालाजी ईट भट्टा ग्राम सतवाडा दूनी का होना बताया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके पिता गत 25 मई को ईट भट्टे से करीब 2 बजे के आसपास निकले। जिनकी काफी तलाश की थी। लेकिन पता नहीं लगा। रामकुंवार ने पुलिस को बताया कि उसके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और वह भी उसके साथ 9 माह से ईट भट्टे पर काम कर रहे थे। मृतक की पहचान किए जाने के बाद पुत्र का भी डीएनए सैंपल लिया गया है। पुख्ता पुष्टि होने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



