गत 5 मई की वारदात, पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा
Tonk News 25 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक में थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने 20 लाख रुपए लूट की सनसनीखेज वारदात का शनिवार को खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल व लूटे हुए 17 लाख 19 हजार रूपए बरामद किए है।
लेकिन मामले में हैरानी की बात यह है कि वारदात का मुख्य सूत्रधार भांजा निकला। कोतवाली थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव के अनुसार गत 5 मई को थाना कोतवाली को रात 11 बजे सूचना मिली कि सूर्यनगर, डाईट रोड स्थित अब्दुल हमीद के घर पर उसका नाबालिग पुत्र अकेला सो रहा था। तभी दो व्यक्ति घर में अन्दर घुसे, उक्त आरोपियों द्वारा प्रार्थी के नाबालिग पुत्र की कनपटी पर पिस्टल लगाकर पुत्र के हाथ, पैर व मुँह को प्लास्टिक के टेप से बांधकर घर में रखे 20 लाख 40 हजार रुपए नकद व जेवरात लूट कर ले गए। पुलिस अधीक्षक संजीव नैन के मार्गदर्शन में थानाधिकारी के नेतृत्व में जिला साईबर सैल से हैड कांस्टेबल राजेश गुर्जर व जिला विशेेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने पूर्व में चालानशुदा लोगों का डाटाबेस तैयार कर पूछताछ की गई। टीम द्वारा आस-पास के सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण कर सूचनाओं का संकलन किया गया। कोतवाली थानाधिकारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि अनुसंधान में साइबर सैल टीम को परिवादी अब्दुल हमीद का भांजा आमीर मेव संदिग्ध प्रतीत हुआ। जिस पर बारीकी से नजर रखी गई, तो उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई। जिस पर जिला साइबर सेल द्वारा आसूचना संकलन व तकनीकी संसाधनों के उपयोग से आमिर मेंव के साथियों द्वारा उक्त घटना को कारित करना सामने आया। परिवादी अब्दुल हमीद का भान्जा होने के कारण आमिर का घर में आना-जाना रहता था। आमिर आदतन अपराधी होने के कारण अपने मामा के घर में पैसों सम्बन्धी सारी जानकारियॉं जुटाने लग गया। घटना से एक दिन पूर्व उसको पता लगा कि मामा ने जमीन का सौदा किया है, जिसके पेटे लाखों रूपए नकद घर में रखे हुए हैं। उक्त वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथी समीर नकवी को जयपुर से बुलाकर घर की रेकी करवाई।
किसी को शक ना हो इसलिए स्वयं आमिर अपने मामा के परिवार के साथ अगले दिन शादी में शामिल होने के लिए चला गया तथा अपने साथियों को सूचना दे दी कि घर पर कोई नहीं है। केवल घर पर मामा का नाबालिग लडक़ा अकेला सो रहा है। उक्त सूचना पर समीर नकवी अपने साथी तौहिद के साथ जयपुर जलमहल से मोटर साईकिल से रवाना हुए व अपने तीसरे साथी मोहम्मद ताहिर को बस में बिठाकर टोंक छावनी चौराहे पर मिलने के लिए कहा। छावनी चौराहे पर तीनों बाइक पर बैठकर घटना कारित करने के लिए घटना स्थल पर पहुंच गए, समीर व तौहिद दीवार फांदकर घर के अन्दर प्रवेश कर गए व तीसरा साथी ताहिर बाइक लेकर बाहर निगरानी करने लगा। उक्त अपराधियों ने घर में घुसकर सो रहे नाबालिग के कनपटी पर पिस्टल लगाकर प्लास्टिक की टेप से हाथ-पैर व मुॅह को बांध दिया तथा घर में रखे नकदी व जेवरात लूट कर घर से बाहर निकले तो तीसरा साथी बाइक सहित नहीं मिला। वहीं आगे सड़क पर एक बाइक खड़ी हुई नजर आई, जिसे आरोपी चोरी कर लेकर फरार हो गए। रास्ते में विवेकानन्द सर्कल के पास तीसरा साथी दिखाई दिया तो चुराई हुई बाइक वही पर छोडक़र अपनी मोटर साईकिल से तीनों जयपुर के लिए फरार हो गये।
आरोपी आमिर मेव पुत्र वहीद मैव निवासी बाड़ाजैर किला थाना सदर टोंक जिले का थाना सदर टोंक का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। वहीं समीर नकवी पुत्र अब्दुल सलाम निवासी सादात मोहल्ला, मालपुरा हाल परसारामपुरी जलमहल जयपुर, मोहम्मद ताहिर पुत्र मोहम्मद जहीर (20) निवासी परसारामपुरी जलमहल जयपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया है।



