Desk News 30 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोकसभा आम चुनाव के तहत शनिवार को टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट के लिए कुल दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। सांख्यिकी प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी अशोक कुमार बंसीवाल ने बताया कि लोकसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने के तीसरे दिन टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट के लिए इंडियन पीपुल्स ग्रीन पार्टी से गणेश मीना एवं निर्दलीय प्रत्याशी माखन ने अपना नामांकन दाखिल किया।
लोक कलाकारों ने दिया मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश
राजस्थान दिवस 30 मार्च तथा लोकसभा चुनाव, 2024 के अंतर्गत 26 अप्रैल को होने वाले मतदान दिवस पर “चुनाव का पर्व देश का गर्व” थीम पर शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं नगर परिषद द्वारा लोक कलाकारों द्वारा राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम, मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गई।
नगर परिषद आयुक्त ममता नागर ने बताया कि राजस्थान दिवस पर जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ 26 अप्रैल को होने वाले मतदान दिवस पर सभी मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक कलाकारों ने आम मतदाताओं को नृत्य एवं गायन के माध्यम से 26 अप्रैल को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदाताओं को मतदान करने के लिए स्वीप गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है।



