करीब 50 हजार रुपए की चोरी
Deoli News 3 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के अग्रसेन बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में सोमवार रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने यहां रखी नकदी गल्ला समेत उठाकर ले गए। सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की व्यापारी से जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार यह चोरी की वारदात मदनलाल निरंजन लाल अग्रवाल फर्म के कपड़े की दुकान में हुई। व्यापारी दिलीप अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात चोर बीती रात उनकी दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे। जिन्होंने दुकान में रखें किसी सामान को नहीं छुआ। लेकिन गल्ले में रखी करीब 7 से 8 हजार रुपए की सोमवार की दुकानदारी चुरा ली। इसी तरह गल्ले में करीब 40 से 45 हजार रुपए व्यापारी ने रखे थे। यह राशि उनकी दुकान निर्माण के लिए रखी हुई थी। हालांकि व्यापारी के पिता एक सप्ताह पूर्व बैंक से 3 लाख रुपए लाए थे। लेकिन इनमें से ढाई लाख रुपए का पेमेंट किया जा चुका था। वही 40 से 45 हजार रुपए गल्ले में ही रखे थे। इस राशि समेत गल्ले में रखे करीब 5 से 6 चांदी के सिक्कों पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया।
चोरों ने यहां से गल्ला उठाया और नकदी आदि चुराकर दुकान के पीछे गली में एक मूंगफली के ठेले पर रख गए। सुबह गल्ला ठेले पर सूना दिखाई देने पर लोगों को वारदात का पता लगा। सूचना पर देवली थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और परिवादी को रिपोर्ट देने को कहा। वही टूटे हुए ताले पुलिस अपने साथ ले गई। एएसआई दिलीप सिंह का कहना है कि वारदात की जानकारी पर मौके पर गए थे। पुलिस वारदात की जांच कर रही है।



