Deoli News 26 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोकसभा आम चुनाव के तहत दोपहर एक से 3 बजे का मतदान प्रतिशत बेहद कम रहा। इस अवधि में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में तेज अंधड़ चलने से तथा मौसम बिगड़ने से मतदान की गति प्रभावित हुई है।
उपखंड अधिकारी कार्यालय देवली की सूचना के मुताबिक दोपहर 3 बजे तक देवली उपखंड के सभी 164 मतदान केंद्रों पर 42 फीसदी मतदान हुआ। ऐसे में दोपहर एक से 3 बजे के बीच सबसे कम मतदान 7 फीसदी आंका गया है। जबकि इससे पहले 10 फीसदी से अधिक प्रति 2 घंटे में मतदान हो रहा था। इस दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी उत्साह था। उधर, हिसामपुर निवासी 22 वर्षीय सीताराम पुत्र भंवरलाल मीणा की शुक्रवार को शादी होने के बावजूद दूल्हे ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर मतदान किया। दूल्हा शेरवानी पहनकर मतदान केंद्र पर आया। जानकारी के अनुसार सीताराम की बारात आज गांवड़ी पंचायत के रघुनाथपुरा में जाएगी।
इधर, दोपहर एक से 3 बजे के बीच मौसम में पलटा खाया तथा तापमान में कमी आई। इस अवधि में तेज आंधी चलने से शहर स्थित आदर्श स्कूल, गांधी पार्क स्कूल बालिका समेत कई मतदान केंद्रों के टेंट उखड़ गए तथा कुर्सियां बिखर गई। आंधी कम होने के बाद कर्मचारियों को इन्हें व्यवस्थित करना पड़ा।


