Deoli News 28 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र टोंक के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जयपुर रोड स्थित एक निजी रिसॉर्ट में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) रैंप योजना के अंतर्गत तकनीकी उन्नयन जागरूकता कार्यशाला हुई।

कार्यशाला में देवली एवं आसपास के स्लेट पत्थर उद्यमियों ने भाग लिया। रिकों संघ देवली अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने बताया कि कार्यक्रम की क्रियान्वयन एजेंसी पीडी कोर लिमिटेड के विशेषज्ञों ने उपस्थित उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, आधुनिक मशीनों के उपयोग, उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा ऊर्जा अंकेक्षण से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि ऊर्जा अंकेक्षण के माध्यम से उद्योग अपनी लागत कम कर सकते हैं और उत्पादन को अधिक प्रतिस्पर्धी बना सकते हैं। यहां उद्यमियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम नीति 2024 तथा निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
ताकि वे अपने व्यवसाय को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार दे सकें।।कार्यक्रम की अध्यक्षता टोंक जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी मुकेश कुमावत ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं उद्यमियों को नवीन तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यवसाय को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख उद्यमियों सहित कई लोग उपस्थित थे।



