धोलाई सागर लबालब, टापू बनी महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल
Deoli News 5 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर व आसपास में पिछले कई घण्टों से चल रही मूसलाधार बारिश से समीप की देवली गांव पंचायत के हालत बिगड़ गए हैं। बीती रात लगातार 9 घंटे हुई बारिश से देवली गांव रोड स्थित नेकचाल तालाब की दीवार टूट गई।
इससे पानी निकलने लगा। सोमवार सुबह दीवार टूटने से तेज रफ्तार से पानी सड़क से बहकर गांव की ओर जाने लगा। इसके चलते देवली गांव की महात्मा गांधी गवर्नमेंट स्कूल में पानी भरा गया। स्कूल एक टापू की तरह बन गई है। वहीं सड़क पर घुटने घुटने तक पानी हो गया है। उधर, देवली गांव का धोलाई सागर बांध लबालब हो चुका है। ऐसे में तालाब की पाळ में सेंध लग सकती है। यदि ऐसा हुआ तो तालाब के आसपास के खेत जलमग्न हो जाएंगे। इसके चलते जेसीबी भी मशीन की मदद से पानी निकालने का रास्ता बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नेकचाल तालाब पिछले कई दिनों से ओवरफ्लो होकर बह रहा था। लेकिन पानी का दबाव अधिक होने से यह दीवार टूट गई। लोगों ने प्रयास किया। लेकिन तेज रफ्तार पानी से सफलता नहीं मिली। लोगों ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दी है। इसी तरह देवली गांव मार्ग पर बालाजी मंदिर के समीप गड्ढों में काफी पानी भरा है। जिससे निकलना बेहद मुश्किल है। वही रीको एरिया से गुजरने वाले मार्ग पर भी काफी पानी जमा है। लिहाजा ग्रामीणों को खासी परेशानी है। लोगों को नेगड़िया मार्ग से लंबा चक्कर लगाकर आना पड़ रहा है।



