व्यापार महासंघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
Deoli News 25 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) व्यापार महासंघ देवली ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपकर स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा करने की पुरजोर मांग की है। महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में दो ज्वलंत मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है।
आखिर क्या मजबूरी हुई रोडवेज बस स्टैंड को शिफ्ट करने की और क्या हो सकता है “समाधान”, पढ़े पूरी खबर
महासंघ का कहना है कि स्थानीय बस स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है, जो कि पूरी तरह अनुचित है। वर्तमान बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध है और इसे कहीं और ले जाने से छोटे एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा, जिससे पूरे शहर का व्यापार विपरीत रूप से प्रभावित होगा। महासंघ ने मांग की है कि रोडवेज प्रशासन द्वारा बस स्टैंड के लिए नई जमीन आवंटन की मांग को खारिज किया जाए और वर्तमान चालू जगह को ही रोडवेज प्रशासन को सौंपने के लिए नगर पालिका देवली को आदेश जारी किए जाएं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शहर में स्थित कृषि उपज मंडी को शहर से 7 किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर दिए जाने के कारण स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो चुका है।
संबंधित न्यूज़ : मंत्री ने कलक्टर को किया फोन… देवली बस स्टैंड को यथावत रखे
महासंघ ने मुख्यमंत्री से लोकहित में आग्रह किया है कि बस स्टैंड को उसी स्थान पर रहने दिया जाए और शहर की कृषि उपज मंडी को गौण मंडी या विशिष्ट श्रेणी की मंडी का दर्जा देकर पुनः सुचारू रूप से चालू करवाया जाए, ताकि देवली के व्यापारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिल सके। इस दौरान भीमराज जैन, आशीष पंचोली, मनजीत सिंह, पुरुषोत्तम गर्ग, प्रमोद सवालका, रूपम जिंदल, सुनील सेठी, सत्यनारायण भदादा, अमित गौतम, मुकेश गोयल, मनोज शर्मा, सुनील सिंहल, मुकेश गोयल, राजीव भारद्वाज, चंद्रशेखर सोनी, राहुल, सत्यनारायण धाकड़, रमेश गोयल, मुकेश साहू, शिवराज तेली, सुरेंद्र डीडवानिया और विनोद साहू समेत करीब डेढ़ सौ छोटे व बड़े व्यापारी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने टोंक जिला कलक्टर को पत्र लिखकर 7 हजार वर्ग मीटर भूमि आवंटन किए जाने की मांग की थी




