अब 25 दिन के अंतराल में होगी उपभोक्ता की बुकिंग
Deoli News 7 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) वैश्विक हालातों और मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही गैस वितरण की व्यवस्था में भी जरूरी बदलाव किए गए हैं।
देवली में भारत गैस के अधिकृत विक्रेता मोहन गैस डिस्ट्रीब्यूटर के प्रबंधक पंकज शर्मा और नीरज शर्मा ने बताया कि नई दरों के अनुसार घरेलू सिलेंडर 60 और कमर्शियल सिलेंडर 114 महंगा हो गया है। लिहाजा शनिवार सुबह से नया घरेलू सिलेंडर अब 930 रुपए में मिलेगा। कीमतों में वृद्धि के साथ-साथ अब उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग नियमों को भी सख्त कर दिया गया है। स्थानीय वितरक के अनुसार अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग पर 21 से 25 दिन का अंतराल अनिवार्य रूप से लागू कर दिया गया है।
अंतिम डिलीवरी के निर्धारित दिनों के बाद ही अगला सिलेंडर बुक किया जा सकेगा। यह अस्थाई व्यवस्था इसलिए लागू की गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक बराबर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और जरूरतमंद परिवारों को समय पर सिलेंडर मिल सके। प्रबंधक शर्मा ने स्पष्ट किया कि अब बिना डिलीवरी कोड (ओटीपी) के सिलेंडर किसी भी स्थिति में नहीं दिया जाएगा, लिहाजा उपभोक्ता अपना पंजीकृत मोबाइल साथ रखें।
वितरक ने देवली के उपभोक्ताओं से बात कही है कि क्षेत्र में गैस की पर्याप्त व्यवस्था है, किसी भी प्रकार की घबराहट में आकर अतिरिक्त सिलेंडर बुक न करें और न ही कालाबाजारी को बढ़ावा दें। यह नियम हालात सामान्य होने तक अस्थाई रूप से प्रभावी रहेंगे।


