डांडिया-गरबा की धूम
Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली की ओर से आयोजित नौ दिवसीय डांडिया महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार रात डांडिया और गरबा की धूम रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि व पार्षद दिनेश जैन, गोविंद राम एवं नीलू जैन सहित समिति सदस्यों ने माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। पंकज जैन सर्राफ़ ने बताया कि महोत्सव में डांडिया और गरबा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। डांडिया की खनक और गरबा की धुनों पर प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उत्सव का आनंद लिया। प्रतिदिन बढ़ती भागीदारी से महोत्सव की रौनक लगातार बढ़ रही है। प्रतिभागी रंग बिरंगी गरबा पोशाक पहनकर आयोजन में शामिल हो रहे हैं। वही विजेताओं को भी प्रतिदिन पुरस्कृत किया जा रहा है।
डांडिया-गरबा के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं भी जारी हैं। भक्ति संगीत और उत्साह के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। देवली पुलिस भी लगातार गश्त कर व्यवस्थाओं में सहयोग दे रही है।


