Deoli News 13 (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) तालुका मुख्यालय देवली स्थित न्यायालयों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों में रखे गए प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली से 79 प्रकरण रखे गए। जिनमें से 67 प्रकरण निस्तारित हुए। अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली से 56 प्रकरण रखे गए जिनमें से 39 प्रकरणों का निस्तारण हुआ। ग्राम न्यायालय देवली में 76 प्रकरण रखे गए। जिनमें से 64 प्रकरण निस्तारित हुए। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट दूनी से 39 प्रकरण रखे गए। जिनमें से 34 प्रकरण निस्तारित किए गए। तालुका विधिक सेवा समिति देवली में कुल 1076 प्रिलिटिगेशन प्रकरण रखे गए। इनमें से 9 प्रकरणों का निस्तारण किया गया और 6 लाख 98 हजार 30 रुपए की रिकवरी का समझौता हुआ।
इस प्रकार लोक अदालत बैंच के समक्ष कुल 1326 प्रकरण रखे गए। जिनमें से 213 प्रकरण लोक अदालत की भावना से निस्तारित हुए। लोक अदालत में बैंच के पीठासीन अधिकारी हर्ष मीणा न्यायाधीश ग्राम न्यायालय देवली, और सदस्य ललित चौहान अधिवक्ता थे। सचिव तालुका विधिक सेवा समिति विजय गौड़, रीडर पुष्पेंद्र अग्रवाल, महेश लक्षकर, भजनलाल और अन्य कर्मचारियों तथा अधिवक्ताओं ने भी सहयोग दिया। विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधक, बीएसएनएल प्रतिनिधि और पक्षकार उपस्थित रहे। जिन्होंने प्रिलिटिगेशन प्रकरणों में राजीनामा कर राशि वसूल की।



