Sunday, April 19, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationसीएम की पहल : गांवों में चलेगा जनहित और विकास से जुड़ा...

सीएम की पहल : गांवों में चलेगा जनहित और विकास से जुड़ा विशेष अभियान

  • 17 सितम्बर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर

  • आमजन को मौके पर मिलेगी राहत, हाथों-हाथ होंगे ग्रामीणों के काम


Deoli News 13 सितम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आगामी 17 सितंबर से ग्राम पंचायतों में जनहित और विकास से जुड़े कार्यों द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने के लिए ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान गांव-गांव में साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

साथ ही सहकारिता से समृद्धि को साकार रूप देने के लिए सहकार सदस्यता अभियान भी शुरू किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविरों का आयोजन सप्ताह के प्रत्येक गुरूवार, शुक्रवार और शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। प्रतिदिन पंचायत समिति की 2 ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा और प्रत्येक पंचायत समिति की प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन होने तक अभियान जारी रहेगा। राज्य सरकार द्वारा 2 अक्टूबर से आयोजित होने वाले सहकार सदस्यता अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले शिविरों का आयोजन भी ग्रामीण सेवा शिविरों के साथ ही किया जाएगा।

अभियान की शुरूआत के पहले सप्ताह में बुधवार को भी शिविर आयोजित किये जाएंगे। जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने बताया कि जिला स्तर पर अभियान की तैयारी, क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग एवं समीक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला नोडल अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर राम रतन सौंकरिया एवं तकनीकी नोडल अधिकारी (एसीपी) श्याम सुंदर जांगिड़ की होगी। एक तिथि पर एक पंचायत समिति की दो नजदीक स्थित ग्राम पंचायतों पर शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि पर्यवेक्षण में सुविधा रहे। जिला कलक्टर ने ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारी को प्रभारी एवं विकास अधिकारी को सहायक प्रभारी बनाया है। साथ ही शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए उपखंड उनियारा के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, टोंक व टोडारायसिंह के लिए एडीएम रामरतन सौकरिया, मालपुरा के लिए भू प्रबंध अधिकारी सुरेश चौधरी, देवली के लिए एडीएम बीसलपुर भूपेंद्र यादव, निवाई के लिए सहायक कलक्टर अनीता खटीक एवं पीपलू क्षेत्र के लिए एसीईओ ललित कुमार को लगाया है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इन शिविरों में आकर लाभान्वित हों। ग्रामीणों को अपने कार्य करवाने के लिए अपना काम छोड़कर शहर जाकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ें। उन्हें घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। उन्होने बताया कि जो भी व्यक्ति काम के लिए शिविर में आएगा, उसका काम उसी दिन प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। यदि उसी दिन काम पूरा नहीं हो पाता है तो विभागवार इसकी सूची बनाकर समयबद्ध रूप से इसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर के शुरू होने से शिविर की समाप्ति तक अभियान से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

यह होंगे काम

ग्रामीण सेवा शिविरों के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर, यूआईडी कार्ड वितरण तथा पशु स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। विधायक, सांसद स्थानीय क्षेत्र कार्यक्रम तथा क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम (जैसे डांग, मगरा, मेवात आदि) के तहत उपलब्ध राशि के माध्यम से स्कूलों आदि की मरम्मत के लिए स्वीकृतियां एवं कार्य किए जाएंगे।

अभियान में आपसी सहमति से विभाजन, नोटिसों की तामील, रास्ते खोलना, नामांकरण आदि भूमि संबंधी प्रकरणों का निस्तारण करते हुए आमजन को मौके पर ही राहत प्रदान की जाएगी। साथ ही अभियान में स्वामित्व योजना के तहत पट्टों के लिए आवेदन, स्वीकृतियां एवं वितरण, दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत 10 हजार और गांवों में बीपीएल परिवारों का सर्वे किया जाएगा। इसके अलावा बिजली तारों के रखरखाव, बीज मिनी किट वितरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण, मूल निवास व जाति प्रमाण पत्र बनाने, लम्बित फार्मर रजिस्ट्री को पूर्ण करवाने, किसान गिरदावरी ऐप डाउनलोड करवाने संबंधी कार्य भी किए जाएंगे। जनहानि, पशुहानि एवं मकानों के नुकसान के आवेदन प्राप्त करना एवं स्वीकृतियां जारी करने का कार्य भी इस दौरान किया जाएगा। आमजन राज्य सरकार की विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए भी शिविरों में आवेदन कर सकेंगे।

यहां लगेंगे शिविर

जिला कलक्टर ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर-2025 के तहत 17 सितंबर को उपखंड टोंक की ग्राम पंचायत मेहंदवास व पालड़ा, पीपलू में बगड़वा व संदेड़ा, उपखंड निवाई में दहलोद व ललवाड़ी, मालपुरा में नगर व कुराड, देवली में नासिरदा व देवड़ावास, उनियारा में ढिकोलिया व देवली एवं टोडारायसिंह की ग्राम पंचायत उनियारा खुर्द व कुहाड़ाबुजुर्ग में शिविर आयोजित होंगे। इसी तरह 18 सितंबर को उपखंड टोंक की ग्राम पंचायत लांबा व दाखिया, पीपलू में झिराना व निम्हेडा, उपखंड निवाई में अरनिया व श्रीरामपुरा, मालपुरा में पारली व पचेवर, देवली में गुराई व टोडा का गोठड़ा, उनियारा में बिलोता व कुंडेर एवं टोडारायसिंह की ग्राम पंचायत पंवालिया व मेहरू में शिविर लगाएं जाएंगे।

अंडरवियर में छुपाया करोड़ों रुपए का सोना! हैरान कर देगी खबर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d