Friday, May 1, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsदेवली : विदेश में बसे खातेदारों की करोड़ों की जमीन हड़पने वाले...

देवली : विदेश में बसे खातेदारों की करोड़ों की जमीन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

दो शातिर गिरफ्तार


Deoli News 28 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना क्षेत्र के ग्राम गांवड़ी में कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने वाले एक अंतर्राज्यीय भू-माफिया गिरोह का खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देशानुसार गठित विशेष जांच दल ने इस धोखाधड़ी के आरोपी गजेंद्र वर्मा उर्फ टिंकू पुत्र फूलचंद रेगर निवासी कोटा रोड देवली और देवलाल मीणा पुत्र गोकुलराम निवासी बोटुंदा थाना टोडारायसिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर ने बताया कि जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस गिरोह ने उन मूल खातेदारों को अपना निशाना बनाया जो वर्षों पहले अपने पैतृक गांव को छोड़कर विदेश में रहने चले गए थे।

भू-माफियाओं ने इस जानकारी का फायदा उठाकर खातेदारों के नाम से 500 रुपए के स्टाम्प पर एक कूटरचित ‘मुख्तियारनामा खास’ (Power of Attorney) तैयार किया, जिसमें मूल मालिकों की जगह अन्य व्यक्तियों के फोटो लगाकर उसे नोटरी से सत्यापित करवा लिया गया। इस पूरी साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने मई 2024 में उप-पंजीयक कार्यालय देवली के समक्ष फर्जी मुख्तियारनामे के आधार पर विक्रय पत्र का पंजीयन करवाया और राजस्व रिकॉर्ड में भूमि का नामांतरण भी अपने पक्ष में करवा लिया। पुलिस अनुसंधान के दौरान पता चला कि आरोपी देवलाल मीणा ने खुद को फर्जी तरीके से खातेदार जगदीश प्रसाद शर्मा बताकर जमीन बेचने की प्रक्रिया पूरी की थी।

जब पुलिस ने इन आरोपियों की तलाश शुरू की, तो गिरफ्तारी से बचने के लिए ये शातिर अपराधी लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण इन्हें अंततः दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी देवलाल मीणा का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d