Deoli News 4 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजमहल गांव में गत 2 दिन पूर्व ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मारे गए पप्पू गुर्जर के प्रकरण में तीसरे दिन शुक्रवार रात समझौता हुआ। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद परिजन शव उठाने को राजी हुए।
संबंधित न्यूज़ : पुलिस और प्रशासन ने की पूरी कोशिश, लेकिन नहीं हुई शव उठाने पर सहमति
शाम को स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर धरना स्थल पर पहुंचे और उपखंड अधिकारी मनोज कुमार मीणा, डीएसपी रामसिंह, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत और थाना प्रभारी देवली दौलत राम गुर्जर समेत धरना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों को समझाने के बाद परिजनों की मांग के अनुरूप संविदा पर नियुक्ति देने, मामला दर्ज करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और सरकार की ओर से यथासंभव मदद किए जाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण और परिजन शव उठाने को तैयार हुए। वहीं समझौते के बाद रात करीब 8:45 बजे पप्पू गुर्जर का शव देवली चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर लाया गया, जहां नई बर्फ लगाकर शव को रखा गया।
संबंधित न्यूज़ : बेनतीजा रही गुरुवार रात की समझौता वार्ता, पप्पू गुर्जर की मौत का मामला
यहां तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, देवली थाना प्रभारी दौलतराम, दूनी थाने के एएसआई बद्रीलाल यादव और अन्य अधिकारी मौजूद थे। हालांकि परिजनों के नहीं आने की वजह से पोस्टमार्टम रुका है। वहीं चिकित्सालय के कार्यवाहक इंचार्ज डॉ. सुधीर माथुर और मेडिकल बोर्ड के सदस्य डॉ. गोपाल मीणा, डॉ. किशन लाल और डॉ. नवरतन बैरवा भी चिकित्सालय पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से होगा। उल्लेखनीय है कि गत बुधवार रात करीब 10:30 बजे ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से राजमहल निवासी पप्पू गुर्जर की मौत हो गई थी। उसके बाद से परिजन और ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे।
संबंधित न्यूज़ : बजरी के ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या, सैकड़ो लोग बैठे धरने पर



