पति पत्नी का विवाद, पुलिस ने मशक्कत कर युवक को पकड़ा
Deoli News 4 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पति-पत्नी के बीच हुई आपसी नोंकझोक के बाद पत्नी की रिपोर्ट पर पहुंची पुलिस को मंगलवार खासी मशक्कत करनी पड़ी। दरअसल देवली पुलिस महिला की रिपोर्ट पर उसकी 3 माह की बच्ची को लेने के लिए शहर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में पहुंची थी।
इस दौरान उक्त युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और जिसने तीन माह की बच्ची को लेकर पानी में दौड़ लगा दी। वही बचने के लिए फैक्ट्री की दीवार पर जा बैठा। पुलिस ने बताया कि यह युवक धर्मराज मीणा निवासी राजकोट है। बताया गया कि धर्मराज का पत्नी सुशीला के साथ सोमवार रात विवाद हो गया। यह दोनों जने रीको क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। विवाद की वजह धर्मराज के शराब पीने की आदत थी। इसके चलते धर्मराज उसकी तीन माह की बच्ची को लेकर छुप गया। वही पत्नी सुशीला बच्ची को प्राप्त करने के लिए गुहार लेकर मंगलवार सुबह देवली थाना पुलिस के पास पहुंची। सूचना पर दोपहर हेडकांस्टेबल अमृतलाल एवं पुलिसकर्मी नरेंद्र सिंह रीको पहुंचे।
जहां उन्होंने धर्मराज को बच्ची सुपुर्द करने को कहा। लेकिन धर्मराज शराब के नशे में धुत्त था। जिसके चलते वह बच्ची को लेकर क्षेत्र में भरे पानी में दौड़ने लगा। इसे देखकर पुलिसकर्मी एक बार सहम गए। कही वह बच्ची को नहीं गिरा दे। पानी से कांटो में छिप गया। पुलिस ने बताया कि युवक धर्मराज को काफी समझाया गया। लेकिन वह नहीं माना। इस पर पुलिस ने मौके से जाने का ड्रामा किया। वहीं करीब आने पर पत्नी सुशीला के साथ मिलकर धर्मराज को पकड़कर समझाया।

युवक को पकड़ने के बाद पुलिस उसे देवली थाने ले आई। जिसे शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि युवक शराब के नशे में था। पुलिस ने दोनों जनों को समझाया है, ताकि आगे से कोई विवाद न हो। इसी तरह महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की एडवोकेट रश्मि वर्मा, अंकिता माहेश्वरी ने दोनों पति पत्नी को समझाया और आगे से ऐसा नहीं करने के लिए पाबंद किया।



