Deoli News 18 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत मंगलवार को शिविर लगा।
तालुका विधिक सेवा समिति देवली के तत्वावधान में स्वामी विवेकानन्द मॉडल देवली तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पनवाड़ में पोक्सो एक्ट एवं बाल अधिकारों को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल देवली में श्रेया सोनी सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पनवाड़ में हर्ष मीणा न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय देवली ने विद्यार्थियों को बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, दुर्व्यवहार, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस दौरान शारीरिक, यौन एवं भावनात्मक दुर्व्यवहार के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
सचिव तालुका विधिक सेवा समिति देवली विजय गौड़ ने बच्चों को विधिक सेवा प्राधिकरणों की संरचना एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, अध्यापक, पीएलवी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली में क्विज प्रतियोगिता हुई
देवली। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली में भारतीय मानक ब्यूरो के तत्वावधान में विद्यालय मानक क्लब की क्विज प्रतियोगिता 13 अगस्त को आयोजित हुई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्ता, मानकों एवं मानक उत्पादों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यालय मानक क्लब के मेंटर राजेश गुप्ता एवं प्राचार्य नवरत्न मित्तल ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्टेशनरी सामग्री वितरित की। क्लब के 50 सदस्यों में से 45 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।


राजेश गुप्ता ने मानक उत्पादों के उपयोग, गुणवत्ता मानकों एवं उपभोक्ता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। क्विज में कनक मीणा ने प्रथम, धैर्य कुमार ने द्वितीय, भूमिका शर्मा ने तृतीय तथा मुस्कान मीणा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
एससी आरक्षण ने बढ़ाई कांग्रेस-भाजपा की चुनौती, अध्यक्ष पद के लिए दमदार चेहरा तलाशना आसान नहीं


