दो दर्जन प्रतिभाओं का सम्मान, तीन छात्राओं का नेशनल स्तर पर चयन
Deoli News 8 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से गत 2 से 4 जुलाई 2024 तक आयोजित 53 वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता 2024 में पीएम श्रीकेंद्रीय विद्यालय देवली से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में 24 छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय के लिए पदक प्राप्त किए।
इसे लेकर विद्यालय के प्राचार्य नवरत्न मित्तल ने सभी छात्र-छात्राओं का माला और पदक पहनाकर स्वागत किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संजय सिंह एवं योग अनुदेशक अंजना मेघवाल ने बताया कि विभिन्न खेल, प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने 5 स्वर्ण, एक रजत एवं 3 कांस्य पदक प्राप्त किए। एथलेटिक्स में व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में छात्रा प्रियंका यादव ने 3 स्वर्ण, प्रतिभा ने 2 स्वर्ण, स्विमिंग में कुंजल चौधरी ने 2 कांस्य एवं बॉक्सिंग में आकाश सिंह ने एक कांस्य पदक प्राप्त किया तथा अंडर 14 वॉलीबॉल टीम ने रजत पदक प्राप्त किया। विद्यालय की 3 छात्राओं प्रियंका यादव, प्रतिभा का एथलेटिक्स में एवं छात्रा अद्विका सिंह का बैडमिंटन में राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। इन सभी खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
टीमों के साथ गए अनुरक्षक मातादीन मीणा, साबूलाल मीणा, प्रधान मीणा, आसाराम, रचना, रिचा शुक्ला, सुमन कुमारी का विशेष सहयोग रहा।


