चैयरमेन ने किया हरित जहाजपुर का आगाज़
Jahazpur News 7 जुलाई (आज़ाद नेब) जहाजपुर नगर पालिका क्षेत्र को हरित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पालिका की आरक्षित भूमि पर बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया। इस दौरान नीम का पौधा लगाकर पालिका चेयरमैन नरेश मीणा ने इस अभियान की शुरुआत की।

पालिका ईओ राघव मीणा ने बताया कि इस मानसून में अधिकाधिक वृक्ष लगवाने का लक्ष्य एवं शाहपुरा ज़िले को हरित बनाने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में पौधारोपण करने के लिए पालिका क्षेत्र में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना (शहरी नरेगा) श्रमिको की सहायता से पौधारोपण किया जा रहा है। पालिका कनिष्ठ तकनीकी सहायक प्रखर भारद्वाज ने बताया कि पालिका क्षेत्र के तीन जगहों को सघन पौधारोपण के लिए चयन किया है। इनमें देवली रोड, संतोष नगर से रावत खेड़ा रोड़, छाबड़िया रोड़ सहित विभिन्न सार्वजनिक व अनयूज्ड लैंड पर शहरी नरेगा लेबर से गड्ढे खुदवाकर पौधें लगाने का कार्य जारी है। पौधारोपण को देखते हुए मौजूदा पखवाड़े में 250 से अधिक लोगो को रोजगार दिया गया है। आगामी पखवाड़े में 500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
इस दौरान पालिका चेयरमैन नरेश मीणा, जीएसएस अध्यक्ष सत्यनारायण मीणा, भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश पत्रिया, वाइस चेयरमैन राजीव कांटिया, जेईएन महेंद्र गुर्जर, चंबल परियोजना मैनेजर शिवकुमार, सहायक अभियंता जितेंद्र मीणा व नरेगा के कर्मचारी मौजूद थे।


