Deoli News 5 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में गुरुद्वारा रोड पर बसों और भारी वाहनों के आवागमन से जाम की समस्या आम हो चुकी है। इस समस्या के समाधान के लिए पार्षद लोकेश लक्षकार ने एक बार फिर ईओ देवली को ज्ञापन दिया है।
जिसमें उन्होंने बसों और भारी वाहनों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गुरुद्वारा रोड से आवागमन बंद कर एसबीआई चौराहे से हायर सैकंडरी स्कूल वाले मार्ग से संचालन करवाने का अनुरोध किया है। ज्ञापन में बताया कि गुरुद्वारा रोड पर बढ़ते प्रतिष्ठानों और चौपहिया, दुपहिया वाहनों की पार्किंग के चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए बसों और भारी वाहनों का रूट बदलना आवश्यक है। गौरतलब है कि यही मांग बुधवार शाम देवली थाना परिसर में आयोजित हुई सीएलजी बैठक में भी उठाई गई थी।



