विश्व पर्यावरण दिवस पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान शुरू
Deoli News 5 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बोरडा गणेशजी मंदिर परिसर में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अन्तर्गत कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में रामराय मीणा अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस, हरियालों राजस्थान, वंदे गंगा, प्रभातफेरी और पौधारोपण पर विस्तार से जानकारी दी।
पार्षद संजय सिंहल ने पर्यावरण दिवस के महत्व और प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। गिरिराज जोशी अध्यक्ष बोरडा गणेश मंदिर विकास समिति ने मंदिर परिसर और बनास नदी की साफ-सफाई और शुद्धता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उपखंड अधिकारी देवली मनोज कुमार मीना ने “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत 5 से 20 जून तक होने वाले आयोजनों में सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत संकल्प और प्लास्टिक मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान बनास नदी किनारे साफ-सफाई, दीप प्रज्जवलन और पूजा का आयोजन हुआ। वन विभाग के क्षेत्रीय वनाधिकारी देवली योगेंद्र सिंह शेखावत के साथ ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने पौधारोपण किया। यहां तहसीलदार देवली वीरेंद्र सिंह शक्तावत, अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका देवली सुरेश कुमार मीणा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



