Deoli News 19 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में हिन्दू मुस्लिम एकता के प्रतीक हज़रत बाबा पहलवान शाह “वली” रहमतुल्लाह का सालाना उर्स मुबारक आयोजन हुआ। इस आयोजन की विधिवत् शुरुआत मंगलवार को हुई।
समाज के प्रवक्ता मोहम्मद इदरीस व हारून अंसारी ने बताया कि मगरीब की नमाज़ के साथ अलम का परचम सदर और कमेटी की ओर से लहराया गया। बुधवार को फ़ज़र की नमाज़ के बाद कुरआन ख्वानी की गई। नमाज़ जौहर के बाद शाही जामा मस्जिद की ओर से चादर शरीफ़ का जुलूस मज़ार शरीफ़ के लिए शाही इमाम और जायरिनों के सैलाब व बैंड की स्वरलहरियों के साथ रवाना हुआ। कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश कर माहौल को सूफियाना बना दिया।
जुलूस और चादर पेश
इस दौरान जुलूस पर पुष्प की वर्षा की गई। मज़ार शरीफ़ पहुंचकर वली पहलवान शाह रहमतुल्लाह को दरगाह के मुतवल्ली और समाज के लोगों के साथ चादर व गुलपोशी पेश की गई। मगरीब की नमाज़ के बाद कमेटी की ओर से लंगर करवाया गया और तबर्रुख (प्रसाद) वितरण किया गया। ईशा की नमाज़ के बाद कुल की रस्म के साथ दो दिवसीय उर्स मुबारक का समापन हुआ।
इस अवसर पर भारत सरकार के पूर्व महाधिवक्ता एमडी अंसारी, शमी अमन रंगरेज, शानू आसिफ़ देशवाली सहित समाज मौजूद रहे। टोडारायसिंह, शाहपुरा, नैनवां, केकड़ी, हिंडोली, जहाजपुर, बूंदी के अकीदतमंद जायरिनों ने शिरकत कर धर्म लाभ पाया।


