Deoli News 19 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गांधीग्राम (संथली) के ग्रामीणों ने गुरुवार को अतिरिक्त कलक्टर (पुनर्वास) एवं भूमि अवाप्ति अधिकारी बीसलपुर परियोजना देवली व नायब तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने ईआरसीपी परियोजना के तहत प्रस्तावित नहर सर्वे को लेकर अपनी आपत्ति जताई है और नहर सर्वे को गांव के ऊपर स्थित नौगजा बांध के दक्षिणपूर्व हिस्से में निकलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में नहर सर्वे गांव के निचले हिस्से से चिन्हित किया गया है, यहां ग्रामदानी, ग्रामसभा गांधीग्राम के नाम आवंटित जमीन अधिग्रहित की जा रही है। इससे गरीब, सीमान्त, लघु, भूमिहीन किसानों की खातेदारी जमीन, भूदान बोर्ड की जमीन, मकान, कुआं और ट्यूबवेल आदि प्रभावित होंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नहर सर्वे को ऊपर स्थित नौगजा बांध के दक्षिणपूर्व हिस्से में निकलवाया जाता है, तो इससे सरकार को भी किसानों को मुआवजा नहीं देना पड़ेगा।
ज्ञापन देने में पुष्पेंद्र बैरवा, सुरेंद्र बैरवा, बनवारी लाल, कैलाश चंद, चंद्र प्रकाश, मुनेश, रामनिवास, महेंद्र बैरवा समेत शामिल थे।


