शहर के कोटा रोड की वारदात
Deoli News 12 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड हनुमान नगर थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चोरी की वारदातों में इज़ाफा हो रहा है, चोर कुछ-कुछ दिनों के अंतराल में चोरी की वारदातें कर रहे हैं।
ताजा मामला शुक्रवार सुबह एक बार फिर सामने आया, जहाँ शहर के कोटा रोड स्थित कृष्णा पीओपी डिज़ाइनर दुकान के गोदाम में चोरी का मामला उजागर हुआ। यह दुकान और गोदाम कोटा रोड निवासी सुरेश कुमार प्रजापत का है। परिवादी सुरेश ने बताया कि उन्होंने गुरुवार रात दुकान बंद की और सुबह दुकान खोलने के बाद पीछे की ओर गोदाम पर गए तो उन्हें चोरी की वारदात दिखाई दी। परिवादी ने बताया कि यह गोदाम उनके दुकान के पिछले हिस्से में टीनशेड परिसर में बना है।
अनुमान है कि चोर यहाँ से दीवारों पर चढ़कर सीढी से उतरे फिर वारदात को अंजाम दिया। परिवादी के अनुसार, चोरों ने यहाँ से पॉलिश करने की मोटर का कंप्रेसर, एक गैस सिलेंडर, 5 करीब आधा दर्जन ग्लैण्डर और हैमर मशीन चुरा ली। इसी तरह यहाँ लगा वायर कटकर ले गए और पंखा भी चुराया गया है। सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और हनुमान नगर पुलिस को सूचना दी गई। इससे पहले गत दो सप्ताह पूर्व इसी दुकान के सामने स्थित नितिन ऑटो वर्क की दुकान में भी चोरों ने वारदात की थी।



