अगस्त खत्म होने को फिर भी नहीं पहुंचा पूर्ण भराव स्तर
Deoli News 28 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध का जलस्तर शुक्रवार सुबह 6 बजे 314.10 आरएल मीटर दर्ज किया गया। बांध में वर्तमान में 28.978 टीएमसी पानी संग्रहित है, जबकि त्रिवेणी नदी पर 2.40 मीटर का बहाव चल रहा है। इस बार त्रिवेणी से बांध में पानी की आवक जारी है।
लेकिन इस बार मानसून अपेक्षाकृत कम सक्रिय रहने और कैचमेंट क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण पानी की आवक अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। उल्लेखनीय है कि बीसलपुर बांध की कुल भराव क्षमता आरएल 315.50 मीटर है। वर्तमान जलस्तर को देखते हुए बांध अभी भी पूर्ण भराव स्तर से 1.40 मीटर नीचे है। हालांकि बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है, लेकिन जलस्तर में बढ़ोतरी काफी धीमी गति से हो रही है। दरअसल 313 मीटर के बाद बांध का जल फैलाव क्षेत्र काफी व्यापक हो जाने के कारण अधिक पानी आने के बावजूद जलस्तर तेजी से नहीं बढ़ता। इस बार मानसून के दौरान बीसलपुर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बारिश का दौर उतना मजबूत नहीं रहा, जितनी उम्मीद की जा रही थी। इसका सीधा असर त्रिवेणी नदी पर भी पड़ा है। त्रिवेणी में कुछ समय के लिए पानी की अच्छी आवक देखने को मिली, लेकिन वह लंबे समय तक नहीं टिक सकी और वर्तमान में बहाव 2.40 मीटर तक सीमित है। वहीं गत दिनों त्रिवेणी की तेज आवक से बांध के जलस्तर में तेजी आई थी, लेकिन बाद में बारिश कमजोर पड़ने से पानी की आवक फिर धीमी हो गई।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष बीसलपुर बांध 26 जुलाई को ही पूर्ण भराव स्तर तक पहुंच गया था, जबकि इस बार अगस्त महीना समाप्त होने को है और बांध अभी तक नहीं भर पाया है। ऐसे में आने वाले दिनों में कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी और लगातार बारिश होने पर ही बांध के तेजी से पूर्ण भराव स्तर तक पहुंचने की उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल बीसलपुर बांध का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है और क्षेत्रवासियों की निगाहें मानसून की आगामी बारिश तथा त्रिवेणी नदी में बढ़ने वाली आवक पर टिकी हुई हैं। लेकिन फिलहाल उम्मीद कम दिखाई दे रही है।



