Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल देवली में शुक्रवार को डांडिया उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। यहां कक्षा 2 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया।
शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ डांडिया किया। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर तथा मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय की संस्थापिका विमला मंगल, निदेशक मोहित अग्रवाल, सह-निदेशक रेखा मंगल, प्रधानाचार्या राजेन्द्र कौर तथा सिटी प्राइड पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य उपस्थित थे। छात्राओं ने अतिथियों एवं पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रियंका सिंह, डॉ. अमृत कौर, डॉ. नेहा जैन, रितु जिंदल और मनाली गुप्ता मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में शामिल हुई। प्रियंका सिंह ने विद्यार्थियों को डांडिया और नवरात्रि के महत्व की जानकारी दी। वहीं रेखा मंगल ने मां दुर्गा को नमन करते हुए बच्चों को नवरात्रि की परंपराओं से परिचित कराया। डांडिया प्रतियोगिता तीन समूहों में आयोजित हुई।
पहले समूह में कक्षा 2 से 5, दूसरे में कक्षा 6 से 8 तथा तीसरे में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी शामिल रहे। निर्णायकों ने पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य, तालमेल और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रत्येक समूह में ‘बेस्ट ड्रेस-अप’ और ‘बेस्ट डांस परफॉर्मेंस’ श्रेणियों में पुरस्कार निर्धारित किए गए। रंग-बिरंगी पोशाकों और संगीत से विद्यालय परिसर उत्सवी माहौल में सराबोर रहा। प्रधानाचार्या राजेन्द्र कौर ने अतिथियों, निर्णायकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।



