देवली थाने में मामला दर्ज
Deoli News 24 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केकड़ी जिले के टोडारायसिंह निवासी एक महिला ने लोक परिवहन बस के चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि इसे लेकर पीड़िता शबाना बानो पत्नी अब्दुल रहीम निवासी टोडारायसिंह ने देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक के समक्ष रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि 17 जून को वह अपनी पुत्री सानिया बानो के साथ दूसरी पुत्री सायना बानो के ससुराल पेच की बावड़ी गई थी। वहीं इसी दिन वापस देवली आ रही थी। रिपोर्ट में बताया कि पीड़िता अपनी पुत्री के साथ आ रही थी। जिन्होंने लोक परिवहन बस में बैठते ही परिचालक टिंकू को देवली के पेट्रोल पंप पर उतरने की बात कही। इसके बाद बस पेट्रोल पंप पर आई तथा पीड़िता उतरने लगी। आरोप है कि इस दौरान चालक ने अचानक बस रवाना कर दी। जिससे पीड़िता बस के नीचे आ गई। इस बीच तत्काल पीड़िता के साथ आई पुत्री सानिया बानो ने उसे पकड़कर खींच लिया नहीं तो बस का टायर पीड़िता पर चढ़ जाता।
घायल अवस्था में पीड़िता के दामाद ने देवली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पीड़िता सोमवार को देवली पहुंची तथा मामले की रिपोर्ट दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।


