दूनी थाने में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दी
Deoli News 11 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र के राजमहल में देवली रोड स्थित शिवम फिलिंग स्टेशन (माताजी चौराहा) पेट्रोल पंप पर गुरुवार तड़के तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। इसे लेकर पंप संचालक व परिवादी रामदयाल विजय ने दूनी थाने में रिपोर्ट दी है।

रिपोर्ट में बताया कि यह वारदात गुरुवार सुबह करीब 3 बजे की है, जब एक काली कार पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। गाड़ी से उतरे चार बदमाशों ने सबसे पहले ऑफिस का गेट तोड़कर प्रवेश किया। अंदर मौजूद सेल्समैन नंदकिशोर पुत्र सुंदरलाल नाई एवं सुरेंद्र पुत्र प्रकाश जाट के साथ बदमाशों ने मारपीट की। मारपीट के बाद उन्होंने गल्ले में रखे लगभग 60 हजार रुपए नकद निकालकर लूट लिए। परिवादी ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि जाते वक्त बदमाशों ने कर्मचारियों को धमकी दी।
उन्होंने कहा कि यदि वे सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपेंगे, तो वे उन्हें जान से मार देंगे। पेट्रोल पंप संचालक ने अपनी रिपोर्ट में अक्षय जैन, खुशीराम मीणा निवासी ककोडिया, प्रधान मीणा निवासी थडोली एवं एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आरोप लगाते हुए पुलिस को मामले की रिपोर्ट दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



