Deoli News 19 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया बंद होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में तीन आधार कार्ड सेंटर होने के बावजूद, सभी सेंटर पिछले कई दिनों से बंद पड़े हैं।
शहर के पोस्ट ऑफिस, देवली गांव और पंचायत समिति परिसर में स्थित आधार सेंटर पर तकनीकी खराबी और अन्य के कारण कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। इससे पहले एक निजी बैंक में आधार कार्ड बनाने की सुविधा शुरू की गई थी, लेकिन वह भी कुछ समय बाद बंद हो गई। दिलचस्प बात यह है कि देवली के आसपास के क्षेत्रों राजमहल, बीजवाड़, पोल्याड़ा और दूनी में आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं, लेकिन उपखंड मुख्यालय पर ही आधार कार्ड बनाने की सुविधा नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। आमजन को आधार कार्ड बनवाने के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और धन दोनों ही बर्बाद हो रहा है। वही आधार अपडेट संबंधी कार्यों के लिए भी लोगों को परेशानी हो रही है।
जबकि हर तरह के सरकारी कामकाज में आधार कार्ड बेहद जरूरी है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन सेंटरों को सुचारु रूप से शुरू किया जाए, ताकि लोगों को आधार कार्ड बनवाने में आसानी हो सके।


