Deoli News 3 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम हुआ। इसमें विद्यालय के 800 विद्यार्थियों सहित स्टाफ ने भाग लिया।
प्रधानाचार्य रमेश चंद मीणा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा पाराशर, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामराय मीणा व प्रधान मीणा थे। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को ऐसी गतिविधियों में भाग लेने व सूर्य नमस्कार को अपने जीवन में निरंतर रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता रणजीत सिंह मीणा ने किया।
सूर्य नमस्कार का महत्व बताया
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजवाड में सूर्य सप्तमी पर सभी राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थान के छात्र छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एसडीएमसी के सदस्यों, अतिथि एवं कस्बेवासियों ने बालाजी परिसर में सामूहिक सूर्य नमस्कार किया।जिसमें 521 विद्यार्थी 26 शिक्षक एवं 150 अभिभावक ग्रामीण थे। प्रधानाचार्य प्रेमलाल मीना, सरपंच भंवर लाल कुमावत ने सूर्य नमस्कार के बारे में जानकारी दी। यह जानकारी विद्यालय मीडिया प्रभारी सुगन चन्द कुमावत ने दी।
आध्यात्मिक शांति देता है सूर्य नमस्कार
मानव धर्म बहुदिव्यांगता विद्यालय में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने सूर्य सप्तमी पर सूर्य नमस्कार किया गया। संस्था निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि सूर्य नमस्कार एक आयोजन नही, बल्कि एक दिनचय का हिस्सा होना चाहिए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की जीवन शैली में सकारात्मक परिर्वतन लाना और उनको निरोग बनाना है। यह अभ्यास 12 विभिन्न मुद्राओं का संयोजन है, जो शरीर को लचीला और मजबूत बनाता है। मानसिक तनाव व चिन्ता को कम करता है। अध्यात्मिक और मानसिक शान्ति प्रदान करता है। इस दौरान संस्थान के सभी कर्मचारियों ने भी सूर्य नमस्कार किया।



