Deoli News 27 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार थाना देवली परिसर में गुरुवार को रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इसे लेकर महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने गुरुवार को देवली डीएसपी मदन लाल ढाका, थानाधिकारी प्रीती रत्नू, कालिका यूनिट इंचार्ज रजिया बानो सहित पुलिस स्टाफ को राखी बांधी। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति सदैव सजग रहने का भरोसा दिलाया।
अग्रसेन शिक्षा सदन में रक्षाबंधन मनाया
देवली। अग्रसेन शिक्षा सदन उच्च माध्यमिक विद्यालय में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने छात्रों एवं सहेलियों को राखी बांधकर मिठाई खिलाई और पर्व की शुभकामनाएं दीं। टीचर प्रियंका जैन ने बताया कि प्रधानाचार्य महेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने बच्चों को आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा दी।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली में मूर्तिकला कार्यशाला आयोजित
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली में विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा विकसित करने के उद्देश्य से मूर्तिकला कार्यशाला आयोजित की गई। कक्षा 6वीं व 7वीं के विद्यार्थियों ने मिट्टी से गणेश, मोर, बंदर, कुत्ता और बिल्ली सहित विभिन्न आकर्षक आकृतियां बनाना सीखा।
कला शिक्षक साबूलाल मीणा व कृशांगी वैष्णव ने विद्यार्थियों को मूर्ति निर्माण की तकनीकों की जानकारी दी। समापन पर विद्यार्थियों की बनाई कलाकृतियों का प्रदर्शन कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।


