Deoli News 28 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रंगों का त्योहार होली और धूलंडी अब बेहद करीब है, जिसे लेकर देवली शहर के बाजारों में रंग गुलाल पिचकारियों की रौनक दिखने लगी है। इसे लेकर रंग गुलाल पिचकारियों की खरीदारी भी शुरू हो चुकी है।
शहर के मुख्य बाजार, छतरी चौराहा, पटवा बाजार और बस स्टैंड के समीपवर्ती इलाकों में रंग-बिरंगी पिचकारियों और गुलाल की दुकानें पूरी तरह सज चुकी हैं। बाजार में बच्चों के लिए विशेष मनमोहक और आकर्षक पिचकारियाँ उपलब्ध हैं, जिनमें पंप पिचकारी, बंदूक पिचकारी, फल सब्जी के स्वरूप विभिन्न कार्टून कलाकारों की प्रिंटेड पिचकारियाँ, बैलून बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र हैं। अभिभावक भी अपने बच्चों की पसंद और मांग के अनुरूप उन्हें बाजार ले जाकर खरीदारी करवा रहे हैं। दुकानों पर विभिन्न खुशबू वाले सेंटेड गुलाल और अलग-अलग रंगों की भरमार है, फेस मास्क व हेड मास्क भी सजे है। जिससे पिचकारी बाजार सतरंगी नजर आ रहा है।
बता दें कि धार्मिक मान्यताओं और समय सारणी के अनुसार आगामी 2 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा। श्री चारभुजा नाथ मंदिर देवली की सूचना के अनुसार इस दिन मुख्य होलिका दहन गणेश रोड पर मध्य रात्रि 1:25 बजे किया जाएगा। हालांकि इस बार धूलंडी (रंगों की होली) की तिथि को लेकर थोड़ा असमंजस बना हुआ है। दरअसल 3 मार्च को चंद्र ग्रहण होने के कारण सुबह 6:20 से शाम 7 बजे तक मंदिरों के पट बंद रहेंगे। इसी खगोलीय घटना के चलते शहर के अधिकांश लोग और विद्वान 4 मार्च को होली खेलने के पक्ष में अपनी सहमति जता रहे हैं।
वहीं कुछ लोग 3 मार्च को ही पर्व मनाने का तर्क दे रहा है। हालांकि स्थानीय जलदाय विभाग ने धुलंडी के पर्व को देखते हुए 4 मार्च को जलापूर्ति का समय घोषित किया है। लिहाजा विभाग 4 मार्च को ही धूलंडी के अनुरूप जलापूर्ति करने जा रहा है।



